सलाम है उन्हें… जिनके लिए मतदान, महादान है

 

नईदिल्ली,

भारतीय लोकतंत्र के इतने रंग है कि पूछिए मत। आज महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग हो रही है। मतदान को लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। महाराष्ट्र में वोटिंग की थोड़ी धीमी दिख रही है। परंतु मतदान के इस उत्सव में बुजुर्ग मतदाताओं का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा है। मुंबई से ऐसी हो कई तस्वीरें सामने आई हैं। यहां मतदान केंद्रों पर 90 से लेकर 100 साल तक के जागरूक मतदाता जब अपना वोट डालने पहुंचे। तो हर किसी की नजरें टिकी रह गईं। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने ऐसे ही एक वोटर को आज का हीरो बताया है।

 

बता दें कि महाराष्ट्र राज्य में विधानसभा की 288 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। जबकि हरियाणा में 90 सीटों के लिए घमासान है। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में बीजेपी एक बार फिर से वापसी के लिए मैदान में है। महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना मिलकर एक बार फिर सत्ता की लड़ाई लड़ रहे हैं।

 

ऐसे ही एक मतदान केंद्र पर 100 साल की उम्र में भी खिलाड़ी राम शर्मा ने लोकतंत्र के प्रति जज्बे और समर्पण की मिसाल कायम की है। खास बात यह है कि इतनी उम्र होने के बावजूद वह बिना किसी की मदद के अपने दम पर मतदान केंद्र तक पहुंचे। खिलाड़ी राम शर्मा ने भांडुप ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के पवार पब्लिक स्कूल में स्थित पोलिंग बूथ में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 100 साल के इस समर्पित वोटर ने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए न तो वील चेयर का सहारा लिया न किसी का कंधा ढूंढा। वह एक छड़ी की मदद से पोलिंग बूथ पर पहुंचे और मतदान करने के बाद काफी खुश नजर आए।

 

केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने मुंबई के एक बूथ पर वोट डालने के बाद 93 साल के एक बुजुर्ग मतदाता की जमकर तारीफ की। उन्होंने मतदान का नीला निशान दिखाते हुए इस शख्स के साथ तस्वीरें खिंचाईं। स्मृति ने पोलिंग बूथ के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा, ‘आज के हीरो खन्नाजी हैं। उन्होंने सेना में अपनी सेवाएं दी थीं। वह 93 साल के हैं और वोट डालने के लिए आए हैं। इससे हमें प्रेरणा मिलती है। अगर 93 साल की उम्र में वह वोट डाल सकते हैं तो आपको कौन रोक रहा है?’

 

राजनेताओं के बुजुर्ग परिजन भी मतदान को लेकर काफी जागरूक नजर आ रहे हैं। मुंबई के कुर्ला इलाके में राज्य के मंत्री अविनाश महातेकर भी वोट डालने पहुंचे। खास बात यह रही कि महातेकर के साथ उनकी पत्नी के अलावा 90 साल की बुजुर्ग मां भी वोट डालने के लिए पहुंचीं। अवस्था ज्यादा होने की वजह से उनको चलने-फिरने में दिक्कत होती है। इसके बावजूद वह एक वील चेयर पर बैठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने बूथ तक पहुंचीं।

 

मतदान का मौका पांच साल में एक बार आता है। जाहिर है इसको लेकर हर किसी में उत्साह होता है। मुंबई में एक कैंसर मरीज ने भी मतदान में हिस्सा लेकर मिसाल कायम की है। मंगेश म्हात्रे को कैंसर की बीमारी है लेकिन यह दिक्कत भी उन्हें मतदान केंद्र तक जाने से नहीं रोक सकी। अपनी पत्नी शुभांगी के साथ पहुंचकर उन्होंने ईवीएम का बटन दबाया और अपने जिम्मेदार नागरिक होने का सबूत दिया।

 

मुंबई में दिग्गजों के पोलिंग बूथ पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर ने अपनी पत्नी अंजलि और बेटे अर्जुन के साथ पहुंचकर बांद्रा (पश्चिम) के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में पत्नी अमृता और मां सरिता के साथ वोट डाला। शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे, पत्नी रश्मि और बेटों आदित्य और तेजस के साथ बांद्रा वेस्ट में वोट डालने पहुंचे। आदित्य इस बार वर्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। फिल्म अभिनेता आमिर खान ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। उन्होंने लोगों से वोट डालने की अपील की। ऐक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता ने अंधेरी (वेस्ट) के पोलिंग बूथ पर वोट डाला।

 

हरियाणा में भी वोटिंग जारी है। करनाल में वोट डालने के बाद सीएम खट्टर ने कहा, ‘शांतपूर्वक मतदान चल रहा है। कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां पहले ही मैदान छोड़ चुकी हैं। उनके दावे मायने नहीं रखते। हरियाणा विधानसभा के लिए दोपहर 12 बजे तक 24 फीसदी मतदान हो चुका था। गुड़गांव इलाके में फिरोजपुर झिरका के मलहाका गांव में फर्जी वोट डालने पर दो गुटों के आपस में भिड़ने की खबर है। फायरिंग भी हुई है जिसमें एक महिला सहित 5 घायल हुए हैं। यहां कुछ देर के लिए वोटिंग रोकी गई, जो फिर बाद में शुरु हो गई।